जिला टॉपर अनुपम लाहा को पप्पू वर्मा ने किया सम्मानित, आगे की पढ़ाई के लिए दी आर्थिक सहायता

ईचागढ़- कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह गांव निवासी छात्र अनुपम लाहा ने 459 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा जिला महामंत्री पप्पू वर्मा ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया।इस दौरान पप्पू वर्मा ने अनुपम लाहा को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई एवं नामांकन में सहयोग के लिए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सीमित संसाधनों में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।सुदूरवर्ती गांव ईचाडीह निवासी अनुपम एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता गांव में छोटा सा किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। कठिन परिस्थितियों में मेहनत और लगन के दम पर अनुपम ने यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी गई कि जिला टॉपर बनने के बावजूद अब तक जिला प्रशासन एवं प्रखंड प्रशासन की ओर से न तो कोई छात्र से मिलने पहुंचा और न ही किसी प्रकार का फोन कर बधाई दी गई। लोगों ने मेधावी छात्रों को उचित सम्मान एवं प्रोत्साहन देने की मांग की है। पप्पू वर्मा ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने अनुपम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।





