अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन सख्त, उगमा और राइडीह के दो पत्थर खदानों की जांच

सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध खनन और खनन पट्टों में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में सरायकेला अंचल के उगमा और राइडीह क्षेत्र में संचालित दो पत्थर खनन पट्टों का औचक निरीक्षण किया गया।



निरीक्षण के दौरान खनन पट्टों में सीमांकन, खनिज भंडारण, खनिज प्रेषण तथा पर्यावरणीय स्वीकृति (सीटीओ) समेत विभिन्न वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। जांच के क्रम में कई अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित पट्टाधारियों के खिलाफ विभागीय नियमानुसार नोटिस और मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण और अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

