LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

सरायकेला : उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश ने बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक रजिस्टर, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच की गई।

एसडीओ ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी लोगों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों के हितों के प्रति संवेदनशील है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि कहीं किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Share this news