कुकड़ू प्रखंड में बतख चूज़ों का वितरण, ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

ईचागढ़/कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 24 यूनिट बतख चूज़ों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड प्रशासन की देखरेख में किया गया।



इस दौरान चयनित लाभुकों को आय वृद्धि एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बतख चूज़ा इकाइयां उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने लाभुकों को बतख पालन के वैज्ञानिक तरीके, देखभाल एवं प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी, ताकि वे योजना का अधिकतम लाभ उठा सकें।
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका को मजबूत करना, पशुपालन को बढ़ावा देना तथा लाभुकों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि लाभुकों को समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, बीडीओ राजश्री ललिता बाखला, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं दर्जनों लाभुक उपस्थित थे।


