Uncategorized

पोटका के सावनाडीह गांव में फोकस लेप्रोसी कैंपेन आयोजित, 95 लोगों की हुई जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत सावनाडीह गांव में सोमवार को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत फोकस लेप्रोसी कैंपेन (एफएलसी) चलाया गया। यह अभियान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका द्वारा आयोजित किया गया।

 

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों की शारीरिक जांच की तथा संदिग्ध कुष्ठ रोगियों की पहचान की। अभियान के दौरान कुल 95 लोगों की जांच की गई, जिसमें 15 संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, हालांकि कोई भी कुष्ठ रोगी नहीं मिला।

 

अभियान के दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि जिले में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 54 नए कुष्ठ रोगी चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 5 दिव्यांग मरीज शामिल हैं। वहीं 4 मरीजों की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी कर उनकी दिव्यांगता को ठीक किया गया है।

 

डॉ. राजीव लोचन महतो एवं एमपीडब्ल्यू उपेंद्रनाथ मोदिना ने लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार, बचाव, सेल्फ केयर एवं सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से एमडीटी दवा लेने से कुष्ठ रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है। साथ ही इलाज के दौरान मरीजों को प्रतिमाह 500 रुपये की सहायता राशि भी दी जा रही है।

 

उन्होंने लोगों से कुष्ठ रोग को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों के साथ सामान्य व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

अभियान को सफल बनाने में डॉ. रजनी महाकुड़, डॉ. राजीव लोचन महतो, उपेंद्रनाथ मोदिना, देवाशीष भगत, संजय सरदार, अवधेश कुमार एवं सावनाडीह क्लस्टर की सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this news