Uncategorized

सरायकेला के समग्र विकास को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से की मुलाकात

सरायकेला |

नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर सरायकेला के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विश्वविख्यात सरायकेला छऊ कला के संरक्षण एवं पुनर्जीवन से संबंधित सुझाव शामिल थे।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2001 में जिला गठन के बावजूद सरायकेला-खरसावां अपेक्षित विकास की गति नहीं पकड़ सका है। उन्होंने विशेष रूप से प्रस्तावित सिविल कोर्ट एवं अन्य जिला स्तरीय कार्यालयों के निर्माण स्थल को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उनके अनुसार वर्तमान चयनित स्थल शहर से दूर एवं एकांत क्षेत्र में होने के कारण आम नागरिकों, विशेषकर गरीब, महिला, वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने सुझाव दिया कि सदर अस्पताल के सामने स्थित स्वर्णरेखा कॉलोनी की लगभग 14 एकड़ भूमि पर सिविल कोर्ट एवं सभी जिला स्तरीय कार्यालयों का समेकित निर्माण किया जाए, जो भौगोलिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से अधिक उपयुक्त है। इससे न केवल आम जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकारी संसाधनों का भी बेहतर उपयोग संभव होगा।

मुलाकात के दौरान श्री चौधरी ने यह भी बताया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में स्थानीय परिवारों की आजीविका सिविल कोर्ट एवं उससे जुड़े कार्यों पर निर्भर है। ऐसे में कार्यालयों का दूरस्थ स्थान पर स्थानांतरण उनके लिए आर्थिक संकट उत्पन्न कर सकता है। वहीं शहर के भीतर प्रशासनिक इकाइयों की स्थापना से स्थानीय रोजगार एवं व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा उन्होंने विश्वविख्यात एवं यूनेस्को मान्यता प्राप्त सरायकेला छऊ नृत्य कला के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के पुनर्जीवन, कलाकारों की बहाली, प्रशिक्षकों की नियुक्ति, कलाकार पेंशन योजना लागू करने तथा बहुउद्देशीय कला भवन के निर्माण की मांग रखी।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने पेयजल, बिजली, सड़क, स्वच्छता, जलापूर्ति व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, नाली निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित कई आधारभूत समस्याओं के समाधान की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरायकेला को एक विकसित जिला मुख्यालय के रूप में स्थापित करने के लिए ठोस एवं योजनाबद्ध पहल आवश्यक है।

मुख्य सचिव ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा उचित स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की सकारात्मक पहल से सरायकेला के विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी।

Share this news