Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू में किसान जागरूकता सह ऋण शिविर आयोजित, कृषि ऋण और वित्तीय सशक्तिकरण की दी गई जानकारी

 

 

कुकड़ू: “खेत बचाओ अभियान” के तहत मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड में किसान जागरूकता सह ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों को समय पर संस्थागत कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा तथा अन्य कृषि संबंधी वित्तीय सेवाओं से जोड़ना और उन्हें अनौपचारिक ऋण स्रोतों के आर्थिक शोषण से बचाने के प्रति जागरूक करना था।

 

शिविर में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के लाभों की जानकारी दी गई तथा पात्र किसानों के आवेदन भी प्राप्त किए गए। साथ ही “कृषिका ऐप” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों को बचत की आदत विकसित करने, पारिवारिक बजट प्रबंधन, डिजिटल भुगतान प्रणाली, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने और वित्तीय लेन-देन में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

 

शिविर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी जानकारी से अवगत कराया गया।

 

बैंक प्रतिनिधियों ने प्राप्त किसान क्रेडिट कार्ड आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही ऋण अदायगी में कठिनाई का सामना कर रहे किसानों को वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के बारे में भी जानकारी दी गई।

 

अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से समय पर बैंकिंग संस्थानों से कृषि ऋण लेने, फसल बीमा कराने तथा कृषि और आजीविका संबंधी आवश्यकताओं के लिए केवल अधिकृत वित्तीय संस्थानों का ही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्थागत ऋण और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं और साहूकारों के शोषण से बच सकते हैं।

 

शिविर में बैंक प्रतिनिधि, पंचायत जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Share this news