Newsझारखण्ड

सिटी ग्रेजुएशन मीटिंग में TCI कार्यक्रम के तीन वर्ष पूर्ण, नगरीय परिवार नियोजन सेवाओं की समीक्षा

 

 

जमशेदपुर: सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की अध्यक्षता में मंगलवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार, सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम में द चैलेंज इनिशिएटिव (TCI) कार्यक्रम के सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिटी ग्रेजुएशन मीटिंग का आयोजन किया गया।

 

बैठक में PSI India द्वारा प्रदान की जा रही तकनीकी सहायता के माध्यम से संचालित नगरीय परिवार नियोजन कार्यक्रम की उपलब्धियों, प्रगति एवं भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने अपने संबोधन में PSI India के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निरंतर समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (NUHM) के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया।

 

अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे शहरी परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर PSI India की प्रतिनिधि डॉ. खुशबू कुमारी ने पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों, प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार, नवाचारपूर्ण रणनीतियों एवं कार्यक्रम की स्थायित्व योजना (Sustainability Plan) की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में परिवार नियोजन सेवाओं की उपलब्धता एवं उपयोग में आए सकारात्मक बदलावों पर भी प्रकाश डाला।

 

बैठक में डॉ. रंजीत पांडा (DRCHO), डॉ. राजीव लोचन महतो (जिला कुष्ठ परामर्शी), NUHM के प्रतिनिधि, यूनिसेफ से राजीव कुमार सिंह, PSI India के प्रतिनिधि सहित शहरी एएनएम एवं यूबीटीटीटी कर्मी उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम का समापन सभी हितधारकों द्वारा नगरीय परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ किया गया।

Share this news