सोनारडीह में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, SDO के आदेश पर टूटी चारदीवारी और छज्जा

सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत एदल पंचायत के सोनारडीह गांव में बुधवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सड़क एवं सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।


जानकारी के अनुसार, गांव में तालाब जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति द्वारा चारदीवारी का निर्माण कर दिया गया था, जबकि दूसरी ओर उसके भाई द्वारा घर का छज्जा सड़क की ओर निकाला गया था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने वर्ष 2023 में अंचल कार्यालय में आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।
मामला अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) तक पहुंचने के बाद उन्होंने स्थल निरीक्षण किया और जांच के उपरांत चारदीवारी एवं छज्जा हटाने का आदेश जारी किया। इसी आदेश के अनुपालन में बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया और रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान जिन लोगों की चारदीवारी और निर्माण तोड़े गए, उन्होंने हल्का विरोध दर्ज कराया। संबंधित पक्ष का कहना था कि उन्हें पर्याप्त समय दिया जाता तो वे स्वयं दीवार हटवा लेते, जिससे नुकसान कम होता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क के दूसरी ओर मौजूद अन्य अतिक्रमणों पर कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं अंचल अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई SDO के आदेश के अनुपालन में की गई है। उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि, सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन आगे भी कार्रवाई करेगा और ऐसी स्थिति में संबंधित लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

