राजनगर सीएचसी में जिला डीपीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की जांच कर अधिकारियों को लगाई फटकार

राजनगर:- सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार को जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कमियां और अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई तथा जल्द से जल्द सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान डीपीएम ने ओपीडी, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, मरीज वार्ड, रजिस्टर संधारण, साफ-सफाई व्यवस्था तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन की समीक्षा की। इस दौरान कुछ विभागों में रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही, साफ-सफाई में कमी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में खामियां पाई गईं।
डीपीएम ने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों को समय पर ड्यूटी निभाने, अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने तथा मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा में सुधार नहीं मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
डीपीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही। वहीं स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई

