JamshedpurLatestNewsNews postझारखण्ड

खेजुरडीह पुलिया निर्माण में देरी पर जेएलकेएम ने उठाई आवाज, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पटमदा: पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर पंचायत के खेजुरडीह गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े रहने को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने नाराजगी जताई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

 

जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कांकीडीह महुलतल से दांदुडीह मुख्य सड़क के बीच खेजुरडीह गांव में पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू तो हुआ, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में अधूरी पुलिया के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मामले की जांच कर संबंधित विभाग एवं संवेदक को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा लंबित पुलिया निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो, जिला प्रवक्ता फनी महतो, प्रखंड सचिव मृत्युंजय महतो, युवा मोर्चा के प्रखंड वरीय उपाध्यक्ष राजेश कुंभकार तथा प्रखंड कोषाध्यक्ष साहेब राम महतो मौजूद रहे।

Share this news