ईचागढ़ में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता सह ऋण शिविर, केसीसी और फसल बीमा पर दी गई विस्तृत जानकारी

सरायकेला-खरसावां: ईचागढ़ प्रखंड में “खेत बचाओ अभियान” के तहत विशेष किसान जागरूकता सह ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों को समय पर संस्थागत कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और फसल बीमा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अनौपचारिक ऋण स्रोतों के शोषण से बचाना था।


शिविर के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई तथा आवेदन प्रपत्र भरवाए गए। साथ ही “कृषिका ऐप” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का प्रदर्शन कर डिजिटल माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता पर विशेष जोर देते हुए सीएफएल टीम ने किसानों को बचत की आदत विकसित करने, घरेलू बजट प्रबंधन, डिजिटल लेन-देन, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा प्राप्त 28 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अगले 15 दिनों के भीतर इन आवेदनों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा ऋण चूक (डिफॉल्ट) की स्थिति वाले किसानों को वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना की भी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से अपील की कि वे “खेत बचाओ अभियान” से जुड़कर समय पर बैंक ऋण प्राप्त करें, फसलों का बीमा कराएं और साहूकारों एवं गैर-संस्थागत ऋण स्रोतों के बजाय संस्थागत बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की समृद्धि और किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं का अधिकतम उपयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों ने भाग लिया।

