चलियामा बांकसाई में भीषण सड़क हादसा: हाईवा की टक्कर से होम डिलीवरी करने वाला युवक गंभीर रूप से घायल

राजनगर: राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित चलियामा बांकसाई के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक विभिन्न घरेलू सामानों एवं फ्लिपकार्ट के पार्सल की होम डिलीवरी का कार्य करता है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक स्कूटी से सामान पहुंचाने जा रहा था, तभी चाईबासा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को तत्काल रुंगटा माइंस की एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा को जब्त कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद एक बार फिर राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

