LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

आदिवासी युवती से हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई: कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

सरायकेला: चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित हिंसा और बल प्रयोग के मामले में सरायकेला-खरसावाँ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जून 2026 को कपाली ओपी क्षेत्र में आदिवासी युवती के साथ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा हिंसा और बल प्रयोग की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), चांडिल को निर्देशित किया गया था।जांच के क्रम में प्रथम दृष्टया पुलिस अवर निरीक्षक धीरंजन कुमार (थाना प्रभारी, कपाली ओपी), सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद मुकलेसुर रहमान तथा महिला आरक्षी कंचन (बकल संख्या-981) की भूमिका परिलक्षित होने के बाद तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है तथा मामले में आगे की विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।घटना के सामने आने के बाद जिले में पुलिस कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं पीड़ित पक्ष और सामाजिक संगठनों की नजर अब आगे की जांच और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share this news