Newsझारखण्डसरायकेला

चांडिल में शराब लदी वैन पलटी, लाखों की शराब सड़क पर बिखरी, ग्रामीणों में मची होड़

 

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर रविवार तड़के एक शराब लदी वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रही वैन झाबरी गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन वाहन में लदा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद वाहन में रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। कई बोतलें टूट गईं, जबकि कुछ बोतलें सुरक्षित हालत में सड़क पर पड़ी रहीं। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दौरान सड़क पर बिखरे सामान को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की तथा शेष बचे सामान को सुरक्षित कराया।

पुलिस के अनुसार वाहन में लाखों रुपये मूल्य की शराब लदी हुई थी। दुर्घटना के कारण अधिकांश बोतलें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Share this news