मधु कुमारी ने BPSC में लहराया परचम, राजस्व सेवा में चयनित होकर बनेंगी सीओ

हजारीबाग: मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर हजारीबाग की मधु कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार का सपना साकार कर दिया है। उनका चयन बिहार राजस्व सेवा में अंचल अधिकारी (सीओ) पद के लिए हुआ है।


हजारीबाग के हीराबाग निवासी एवं बिहार के बक्सर जिला अंतर्गत सोनवर्षा गांव की मूल निवासी मधु कुमारी प्रसिद्ध पत्रकार एवं प्रेस क्लब हजारीबाग के सचिव मिथिलेश मिश्र की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मधु की प्रारंभिक शिक्षा हजारीबाग के कार्मल स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने आईसीएसई बोर्ड से मैट्रिक और संत जेवियर्स स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरी की। आगे चलकर उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र विषय में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
स्नातक के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। बिना किसी कोचिंग के उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन छह से सात घंटे अध्ययन किया और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहीं। मधु का कहना है कि आत्मविश्वास, एकाग्रता, कड़ी मेहनत और समर्पण ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रही।
उन्होंने बताया कि बीपीएससी साक्षात्कार के दौरान समसामयिक विषयों, विशेष रूप से इजरायल-ईरान और अमेरिका से जुड़े अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर अधिक प्रश्न पूछे गए। सभी विषयों पर मजबूत पकड़ और स्पष्ट अवधारणा होने के कारण उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
मधु अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं किया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राजस्व सेवा में चयनित होने के बाद भी मधु के सपने यहीं नहीं थमे हैं। उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल कर देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में योगदान देना है।

