Newsझारखण्ड

पाकुड़ में ₹3500 की ऑनलाइन ठगी का प्रयास, संदिग्ध किशोरी पकड़ी गई, गिरोह की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

पाकुड़ शहर के हाटपाड़ा सब्जी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सब्जी दुकानदार के साथ ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का मामला सामने आया। घटना वरुण शाह की सब्जी दुकान पर घटी, जहां एक लगभग 16 से 17 वर्षीय किशोरी पहुंची और दुकानदार को झांसे में लेने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, किशोरी ने दुकानदार से कहा कि उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे तुरंत पैसे की जरूरत है। उसने मोबाइल पर ₹3500 भेजने का अनुरोध किया और बदले में नकद देने की बात कही। भरोसा कर दुकानदार वरुण शाह ने दिए गए नंबर पर ₹3500 ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मिलते ही किशोरी कुछ देर दुकान पर रुकी और फिर मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गई। दुकानदार को शक होने पर उसने तुरंत उसका पीछा किया और करीब आधा से पौने एक किलोमीटर दूर राजहाई स्कूल के पास उसे पकड़ लिया।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों को आशंका है कि यह किसी संगठित ठगी गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो इसी तरह लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता है। वहीं किशोरी अपनी पहचान और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।

Share this news