JamshedpurNewsझारखण्ड

श्रीनाथ विश्वविद्यालय और सी-डैक के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा उन्नत टेक्नोलॉजी प्रशिक्षण

जमशेदपुर: श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत उन्नत संगणन विकास केंद्र (सी-डैक), नई दिल्ली के साथ लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

 

इस सहयोग के तहत विश्वविद्यालय के बी.टेक, बीसीए और एमसीए के छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी क्षमता और रोजगार योग्यता में वृद्धि होगी।

 

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को सी-डैक और नैसकॉम द्वारा संयुक्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके साथ ही छात्रों को लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने, इंटर्नशिप प्राप्त करने और उद्योग विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

 

इस पहल से विश्वविद्यालय के शिक्षकों को भी फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत उन्नत प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे शिक्षण गुणवत्ता और बेहतर होगी।

 

इस अवसर पर सी-डैक फ्यूचरस्किल्स प्राइम की वैज्ञानिक-एफ एवं मुख्य अन्वेषक डॉ. मैरी जैसिंथा तथा श्रीनाथ विश्वविद्यालय के वरिष्ठ निदेशक (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट) ए. के. शाही द्वारा समझौते पर संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में डॉ. तुषार पटनायक, रेखा सारस्वत, विवेक आर्य और शिखा ढींगरा भी उपस्थित रहे।

 

इस कार्यक्रम के अंतर्गत क्लाउड कंप्यूटिंग, बिग डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन तथा ऑगमेंटेड और वर्चुअल रियलिटी सहित दस उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह समझौता विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए तैयार करने और उन्हें बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Share this news