चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

चांडिल : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।


बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि देश में विभिन्न समुदायों द्वारा वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व-त्योहार मनाने की परंपरा रही है। मोहर्रम भी इसी परंपरा के अनुरूप शांति एवं सद्भाव के वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी असामाजिक तत्व या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति को संरक्षण न दें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।
बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, नीमडीह अंचलाधिकारी, ईचागढ़ बीडीओ, चांडिल थाना प्रभारी, नीमडीह थाना प्रभारी, कपाली ओपी प्रभारी, समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य रजिया सुल्ताना, शेख फरीद, मनमन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


