Newsझारखण्ड

सरायकेला में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

सरायकेला-खरसावां: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को सरायकेला स्थित सामुदायिक भवन में बनाए गए ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) देवदास दत्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, डबल लॉक सिस्टम, प्रवेश-निकास रजिस्टर, सील की स्थिति तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अभिलेखों के संधारण और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन का भी अवलोकन किया गया।

 

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।

 

वहीं राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच एवं रखरखाव पर जोर दिया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा प्रवेश-निकास गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं के विश्वास को मजबूत करने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का निरंतर पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Share this news