Jamshedpur News: सहयोग संस्था द्वारा कबीर जयंती पर विचार गोष्ठी एवं काव्य-पाठ का भव्य आयोजन
जमशेदपुर: बहुभाषीय साहित्यिक संस्था सहयोग द्वारा संत कबीरदास की जयंती के अवसर पर तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में विचार गोष्ठी एवं काव्य-पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं संत कबीर के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपासना सिन्हा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया।

कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा ने स्वागत भाषण देते हुए कबीरदास के जीवन-दर्शन, उनकी निर्भीक सोच और मानवीय दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि अवतार सिंह का स्वागत एवं सम्मान डॉ. जूही समर्पिता द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया।
विषय-प्रवेशिका में डॉ. रागिनी भूषण ने कबीर की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए तथा उनके भजनों का गायन प्रस्तुत किया। इसके बाद ज्योत्सना अस्थाना ने कबीर के दोहों का सुमधुर पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
काव्य-पाठ सत्र में डॉ. प्रियंका सिंह, ममता कर्ण ‘मनस्वी’, पद्मा प्रसाद ‘बिन्देश्वरी’, अनीता निधि, नीलम पेड़ीवाल, उपासना सिन्हा, बबली मीरा, डॉ. आशा गुप्ता, प्रणति शरण सहित कई साहित्यकारों ने सामाजिक सरोकारों, प्रेम, समरसता और कबीर की विचारधारा से प्रेरित रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि अवतार सिंह ने अपने संबोधन में कबीरदास के जीवन-दर्शन, भारतीय ज्ञान परंपरा और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध उनकी वाणी की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कबीर की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण हैं जितनी उनके समय में थीं।
कार्यक्रम का संचालन रीना सिन्हा ‘सलोनी’ द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुदिता चन्द्रा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाली एक प्रेरणादायी पहल के रूप में सफल रहा।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


