Newsझारखण्ड

मुहर्रम को लेकर जामताड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5 क्यूआरटी टीम और 24 घंटे कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

 

 

जामताड़ा। मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के संयुक्त आदेश के तहत जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

 

प्रशासन द्वारा जिले के 96 जुलूस स्थलों एवं 139 संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र एवं लाठी बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक थाना क्षेत्र में वीडियो कैमरे से लैस विशेष निगरानी टीम तैनात की गई है, जो जुलूस और अन्य गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी।

 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स सहित अन्य माध्यमों की भी विशेष निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि ताजिया जुलूस केवल निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। डीजे एवं भड़काऊ गीतों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जा सकेगा।

 

मुहर्रम के दौरान चिकित्सा, विद्युत एवं अग्निशमन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा, जहां अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, क्यूआरटी टीम, वीडियोग्राफी दल एवं अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

 

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में कुल पांच क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जो संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करेंगी। प्रशासन ने जिलेवासियों से शांति, भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को देने का आग्रह किया है।

Share this news