JamshedpurLatestNewsझारखण्डसरायकेला

DD बार कांड पर बड़ा एक्शन: जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP हटाए गए, CM हेमंत सोरेन बोले- जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित DD बार में हुए चर्चित हमले के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (SP) को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि चाईबासा के आयुक्त और रांची के ADG को क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, DIG को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में बिष्टुपुर स्थित DD बार में हुए हमले का वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे थे। इस मामले को लेकर विपक्ष समेत विभिन्न संगठनों ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। अब मुख्यमंत्री के इस फैसले को DD बार कांड के बाद हुई बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार के इस निर्णय के बाद पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़े प्रशासनिक बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है।
Share this news