JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका में ब्रेन मलेरिया बेकाबू, तीसरे दिन 1,193 जांच में 133 संक्रमित मिले

 

 

पोटका : पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार को तीसरे दिन 24 स्वास्थ्य टीमों ने विभिन्न प्रभावित गांवों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 1,193 लोगों की जांच की गई, जिसमें 133 लोग ब्रेन मलेरिया से संक्रमित पाए गए। बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है, जबकि ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोटका में नौ मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमजीएम एवं सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि पांच मरीज स्वस्थ होने पर घर भेज दिए गए। इससे पहले पहले दिन 464 जांच में 28 और दूसरे दिन 507 जांच में 51 मरीज मिले थे।

 

संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने 108 चिकित्सकों की चार मेडिकल टीमें गठित की हैं। पोटका में 17 डॉक्टर प्रभावित गांवों में घर-घर जांच, दवा वितरण और उपचार कर रहे हैं। साथ ही मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई और बुखार होने पर तत्काल जांच कराने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर डीडीटी छिड़काव, लार्वा नियंत्रण और मच्छरदानी वितरण नहीं होने से हालात बिगड़े हैं। लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों की नजर अब स्वास्थ्य विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Share this news