एनएच-33 पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, तीन घायल
चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर झाबरी गांव के समीप शनिवार तड़के करीब चार बजे कोलकाता से रांची जा रही ऊं शिवम नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार गिरिडीह निवासी सुखदेव दास समेत एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज कराया गया। बताया गया कि हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद अन्य यात्री दूसरे साधनों से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, ऊं शिवम बस कोलकाता से यात्रियों और लगेज को लेकर रांची जा रही थी। इसी दौरान झाबरी गांव के पास चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद एनएच-33 पर बड़ामटांड़ से झाबरी तक सड़क की एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा। बस को सड़क से हटाने के लिए हाइड्रा और क्रेन की मदद ली गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।



