Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर से रांची के लिए रवाना हुए पीडीएस डीलर, मानदेय समेत कई मांगों पर होगी चर्चा

 

सरायकेला-खरसावां। जन वितरण प्रणाली से जुड़े दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, झारखंड की प्रदेशस्तरीय बैठक शनिवार को रांची में आयोजित की जाएगी। बैठक में भाग लेने के लिए राजनगर प्रखंड से जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों का एक दल रांची के लिए रवाना हुआ।

 

दल का नेतृत्व फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन झारखंड के जिला महामंत्री सह प्रदेश संगठन सचिव पप्पू कुमार कर रहे हैं। रांची के अशोक नगर स्थित मंदिर परिसर में होने वाली बैठक में राज्य के अलग-अलग जिलों से पीडीएस डीलरों के शामिल होने की बात कही गई है।

 

बैठक में डीलरों को राशन वितरण के दौरान आने वाली व्यवहारिक और तकनीकी परेशानियों पर चर्चा होगी। खास तौर पर सर्वर की समस्या, ई-पॉस मशीन में तकनीकी गड़बड़ी, पेपरलेस व्यवस्था, कमीशन और मानदेय सहित कई मुद्दों को बैठक में रखा जाएगा। एसोसिएशन की ओर से डीलरों के लिए 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग भी उठाई जाएगी।

 

इसके साथ ही दुकानदारों के कामकाज में आ रही दिक्कतों के स्थायी समाधान और बेहतर कार्य व्यवस्था को लेकर संगठन की आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

रांची रवाना होने वाले दल में पप्पू कुमार के साथ अमन बिरली, विष्णु मुर्मू, संदीप महतो, गुरचरण तांपे, अर्जुन प्रधान, बंसी सरदार समेत अन्य जन वितरण प्रणाली दुकानदार शामिल रहे।

 

पप्पू कुमार ने कहा कि पीडीएस दुकानदार सरकार की खाद्य वितरण व्यवस्था को गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में दुकानदारों को काम के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशस्तरीय बैठक में डीलरों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा तथा संगठन की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया