ईचागढ़ में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 27 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पाई सफलता

सरायकेला: आम लोगों को परिवहन विभाग की सेवाएं प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल के तहत गुरुवार को ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में किया।


शिविर में पातकुम, गौरांगकोचा, मैसाड़ा, चिमटिया, बांदू, गुडदड़ी और लेपाटांड़ पंचायतों के उन आवेदकों की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान दस्तावेजों का सत्यापन, आवेदन की जांच और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई।
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए कुल 63 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 27 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे, जबकि 19 अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके। वहीं 17 अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन परिवहन विभाग की सेवाओं को आम लोगों तक आसान और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही समयबद्ध और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।

