हिमांशु सिंह हत्याकांड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की सीबीआई जांच की मांग, परिजनों से मिलकर दिया न्याय का भरोसा

सरायकेला: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू आदित्यपुर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, अमर कुमार बावरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं की गहराई से जांच होना अभी बाकी है। उनका कहना था कि सच्चाई सामने लाने के लिए किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है।
वहीं पूर्व मंत्री अमर कुमार बावरी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना में कथित लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके सहयोगी प्रत्यूष आनंद भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका इलाज कोलकाता में चल रहा है। घटना के बाद पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश देखा गया और विरोध स्वरूप एनडीए के आह्वान पर जमशेदपुर बंद भी आयोजित किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

