झारखण्डसरायकेला

राजनगर में भीषण सड़क हादसा: हाइवा-ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दो चालकों की जिंदा जलकर मौत, चार भारी वाहन दुर्घटना की चपेट में

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) स्थित रोला-खैरबनी मोड़ के पास बीते देर रात करीब 12:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों चालक लपटों में घिर गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

 

हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलरों के चालक अचानक वाहन नियंत्रित नहीं कर सके। दोनों ट्रेलर आपस में टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। इस तरह कुछ ही मिनटों के भीतर चार भारी वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लग गया। तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। सुबह तक भी जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जबकि सड़क संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क का चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जाता, तो इस तरह के कई बड़े हादसों को रोका जा सकता था। स्थानीय लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से एनएच-220 को जल्द फोरलेन में तब्दील करने, सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Share this news