चांडिल में बड़ा हादसा: चैनपुर पुल से कैनाल में गिरा कोयला लदा हाईवा, चालक घायल; गार्डवाल निर्माण की मांग फिर उठी

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड स्थित चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चैनपुर पुल से गुजर रहा कोयला लदा एक हाईवा (JH05CU0759) अनियंत्रित होकर सीधे कैनाल में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा पुल पार करने के दौरान अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन पुल से नीचे कैनाल में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चैनपुर पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के दोनों ओर अब तक गार्डवाल नहीं लगाया गया है, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। पुल संकरा होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर पुल पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन हर बार केवल जांच और आश्वासन ही मिलता है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते पुल पर गार्डवाल का निर्माण करा दिया जाता तो इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चैनपुर पुल पर अविलंब गार्डवाल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

