हल्दीपोखर में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग तेज, विधायक संजीव सरदार ने कार्रवाई का दिया भरोसा
पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर और आसपास के इलाकों में कथित रूप से चल रहे अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ ग्रामीण छात्र संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपकर अवैध लॉटरी, गांजा, ब्राउन शुगर और अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में छात्र संघ ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों और अवैध लॉटरी का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। इससे न केवल युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि सामाजिक माहौल भी बिगड़ता जा रहा है। संगठन ने प्रशासन से इस अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले से प्रशासन के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध नशे या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्रामीण छात्र संघ के मंजू सरदार, सबिता सोरेन, संगीता मुर्मू, राकेश सरदार, मुकेश सरदार समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव

दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


