JamshedpurNewsझारखण्ड

सरायकेला में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ने बाइक से किया फ्लैग मार्च

 

सरायकेला: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी मंगलवार को खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का बाइक से भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, टाइगर मोबाइल और अन्य पुलिसकर्मी भी उनके साथ मौजूद रहे।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध संभावित स्थानों का भौतिक सत्यापन किया और गश्ती व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित बाइक और वाहन गश्ती जारी रखें, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

 

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से न केवल आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है, बल्कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में भी कानून का भय बना रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि ड्रग्स तस्करी, छेड़खानी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की नियमित निगरानी करें।

 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में गश्ती, निगरानी और अपराध नियंत्रण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this news