JamshedpurLatestNewsNews postझारखण्ड

डीडी बार हत्याकांड: तीन और आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद

जमशेदपुर: शहर के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कई घातक हथियार, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मुख्य अभियुक्तों को फरार कराने, हथियार छिपाने और साक्ष्य मिटाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

 

जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 के तहत दर्ज इस मामले में 27 जून की रात डीडी बार के भीतर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा और उसके साथियों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इससे पहले इस मामले में पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

 

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिन्द्र लोहार और जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जगदीश मंडल ने मुख्य आरोपियों को फरार होने में मदद की, हत्या में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने और वाहन उपलब्ध कराने में भी उसकी भूमिका रही।

 

गिरफ्तार आरोपियों और विधि-विरुद्ध बालक की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोहे का चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, स्टील की गुप्ती, एक हीरो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामान को मामले के अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है।

 

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Share this news