सरायकेला में जनता दरबार: उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

सरायकेला: जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।


उपायुक्त ने सभी आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों में उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जनता दरबार में मत्स्यजीवी समिति द्वारा तालाब बंदोबस्ती की राजस्व दर में बढ़ोतरी पर पुनर्विचार की मांग, कुचाई प्रखंड के बेरासीसीरूम गांव में जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत, खरसावां के शहीद पार्क के रखरखाव और आम लोगों के लिए नियमित रूप से खोलने की मांग, शहीद चौक एवं शहीद पार्क के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ईचागढ़ में छात्रा के नामांकन, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की लंबित राशि, आदित्यपुर में रैयती भूमि के रास्ते पर अवरोध, तमोलिया-कपाली मुख्य मार्ग पर दूषित जल निकासी के लिए नाली निर्माण, भूमि विवाद, पेयजल, बिजली, राशन समेत विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा गंभीर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

