कुकड़ू दौरे पर डीडीसी रीना हंसदा, विकास योजनाओं और संस्थानों का लिया जायजा

सरायकेला: जिले के कुकड़ू प्रखंड में मंगलवार को उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने और समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।


दौरे की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण से हुई, जहां डीडीसी ने बच्चों को मिल रही सुविधाओं, पोषण व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है। साथ ही केंद्रों में स्वच्छता संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने और बच्चों में साफ-सफाई की आदत विकसित करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, आवास और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्रा तक समय पर पहुंचे और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिन्हित भूमि का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास और कल्याणकारी योजनाओं को तय समय-सीमा में धरातल पर उतारा जाए तथा योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। साथ ही प्रखंड स्तर पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

