Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत छात्र-छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें

 

सरायकेला: राजकीय प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सरायकेला में मंगलवार को झारखंड सरकार की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना ‘उन्नति का पहिया’ के तहत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि छात्र-छात्राएं ईमानदारी से शिक्षा प्राप्त करेंगे तो भविष्य में अपने परिवार, समाज और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की ‘उन्नति का पहिया’ योजना का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, पढ़ाई में रुचि विकसित होगी और विद्यालय छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में कमी आएगी।

 

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, शिक्षकों की नियुक्ति, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा छात्र-छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

 

विद्यालय के प्रधानाध्यापक वासुदेव राम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पात्र विद्यार्थियों को बीईईओ कार्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर साइकिलों का वितरण किया गया है, ताकि योजना का लाभ सभी जरूरतमंद छात्र-छात्राओं तक पहुंच सके।

 

कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल पर खुशी जताते हुए इसे उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने में सहायक बताया।

Share this news