Newsझारखण्डसरायकेला

ग्राम सभा प्रतिनिधियों के क्षमता विकास कार्यशाला को लेकर प्रेस वार्ता, 10 जुलाई को माकुलाकोचा में होगा आयोजन

 

 

जमशेदपुर/कोल्हान: कोल्हान क्षेत्र की ग्राम सभाओं को संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से 10 जुलाई 2026 को माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में “ग्राम सभा प्रतिनिधियों का क्षमता विकास कार्यशाला शिविर” आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को दलमा रिसोर्ट में प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच (कोल्हान प्रमंडल) के सुकलाल पहाड़िया ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को संविधान प्रदत्त अधिकारों, पेसा कानून (PESA), वनाधिकार अधिनियम (FRA) तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा में ग्राम सभाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

वहीं आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच के रविन्द्र सिंह सरदार ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा ग्राम सभा प्रतिनिधियों को संवैधानिक एवं विधिक अधिकार, ग्राम सभा की भूमिका और स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

प्रेस वार्ता में मौजूद अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्राम सभाओं को संगठित और जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है, ताकि विकास योजनाओं में स्थानीय समुदाय की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके और उनके अधिकार सुरक्षित रह सकें।

 

यह कार्यशाला 10 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड सामुदायिक वनपाल संस्थान, रांची एवं झारखंड जंगल बचाओ आंदोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन में कई सामाजिक एवं आदिवासी संगठनों का सहयोग रहेगा।

 

प्रेस वार्ता में सुकलाल पहाड़िया, रविन्द्र सिंह सरदार, गुरुचरण कर्मकार, मंगल पहाड़िया, जितू पहाड़िया, सुषेण सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने कोल्हान क्षेत्र के ग्राम सभा प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

Share this news