विधायक दशरथ गागराई के पैतृक गांव लोसोदिकी में आमदा ओपी पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

खरसावां विधायक दशरथ गागराई के पैतृक गांव लोसोदिकी में आमदा ओपी पुलिस की ओर से जन जागरुकता अभियान चलाया गया. गुरुवार को आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान ने पुलिस पब्लिक मैत्री संबंध को मजबूत बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस भी इसी समाज का ही एक हिस्सा है और ग्रामीणों के सुरक्षा के लिए है. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर आमदा ओपी से संपर्क कर सकते है. कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों को अलग-अलग सामाजिक और कानूनी जानकारी देते हुए जागरूक किया गया. ओपी प्रभारी श्री पासवान ने ग्रामीणों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी. साथ ही बच्चा चोरी जैसी अफवाहों को लेकर सतर्क किया और किसी भी तरह के अफवाह की सूचना पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने लोगों से कानूनी तौर पर जागरुक होने की अपील की. इसके साथ ही महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया. ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों और “गुड सेमेरिटन” कानून की भी जानकारी दी गई, जिससे कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने के लिए लोग आगे आ सके. मौके पर काफी संख्या में गांव के ग्रामीण मौजूद थे.



