5 साल से फरार आरोपी गुड्डू सिंह गिरफ्तार, आदित्यपुर पुलिस ने भेजा जेल

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर थाना पुलिस ने जमीन विवाद से जुड़े आत्महत्या के लिए उकसाने के पांच साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी गुड्डू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि सोमनाथ राव के पुत्र को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। बाद में युवक ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें कई लोगों के नाम का उल्लेख किया गया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि गुड्डू सिंह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में नामित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

