संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई से होगा प्रारंभ, राजनगर में प्रेस वार्ता कर दी गई जानकारी

राजनगर: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर मंगलवार को राजनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान एवं पूर्व विधायक अनंत राम टुडु ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, सामाजिक न्याय, समानता, सद्भाव और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।


उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को देशभर के संत रविदास मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ के आयोजन के साथ होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से ‘कलश वंदन अभियान’, ‘संत संपर्क अभियान’, ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ तथा छात्रावासों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि यह अभियान संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में समानता, सौहार्द और सामाजिक एकता की भावना को और अधिक मजबूत करेगा।

