Monday, September 14, 2026
Latest:
Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर में होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कमर में लगी गोली; 8-10 बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में विशाल गोराई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, विशाल गोराई मंगलवार देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे अंडरपास के पास पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान एक गोली विशाल गोराई की कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और घायल विशाल गोराई को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

देर रात व्यस्त मार्ग पर हुई इस गोलीबारी की घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाती है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news