बेरासि-सिरुम पंचायत के ग्राम प्रधान एवं शिक्षक सुषेन कुमार महतो का निधन, क्षेत्र में शोक

कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत बेरासि-सिरुम पंचायत के ग्राम प्रधान एवं शिक्षक सुषेन कुमार महतो का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।स्वर्गीय सुषेन कुमार महतो अपने सरल, मिलनसार एवं सेवाभावी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। ग्राम प्रधान के रूप में उन्होंने पंचायत के विकास, सामाजिक समरसता तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, शिक्षक के रूप में उन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया।


उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों तथा ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


