कुचाई में जर्जर सड़क का विधायक ने लिया संज्ञान, विधायक के निजी खर्च से सड़क मरम्मत कार्य शुरू

खरसावां/Sandeep Mahato :- कुचाई चौक से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मती में हो रही विलंब में विधायक ने लिया संज्ञान. खरसावां विधायक के निजी खर्च से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है. सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्थानीय लोगों, छात्राओं एवं राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन जाने तथा बारिश के दौरान जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थिति और भी खराब हो गई थी. गुरुवार को विधायक के निर्देश पर बीडीओ साधुचरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय,बनवारी लाल सोय, राहुल सोय,कारू मुंडा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. बताया गया कि लोगों की समस्या को देखते हुए विधायक ने अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया. निविदा प्रक्रिया के तहत पैकेज संख्या -12 में कुचाई चौक से सेरेंगदा तक सड़क निर्माण कार्य भी शामिल है. लेकिन स्थायी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले आवागमन सुचारू रखने के उद्देश्य से सड़क की मरम्मत कराई जा रही है. इसी क्रम में जेसीबी मशीन के माध्यम से सड़क के गड्ढों को समतल करने एवं मरम्मत कार्य की प्रक्रिया शुरू की गई. स्थानीय लोगों ने विधायक के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत होने से कुचाई चौक से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय तक आवागमन सुगम होगा. विशेषकर विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं और आसपास के ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी.



