रापचा पंचायत भवन में विस्थापित परिवारों की बैठक, अधिकारों और पुनर्वास को लेकर एकजुट होने का आह्वान

सरायकेला: रापचा पंचायत भवन में रविवार को विस्थापित परिवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बादूबाद, सिधाड़ीह, कालिकापुर, उपरबेड़ा तथा सीतारामपुर डैम विस्थापित काउण्डेशन समिति और टाटा-कांड्रा रोड से प्रभावित विस्थापित परिवारों ने सामूहिक रूप से भाग लिया।


बैठक में विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं, रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने विस्थापित परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता बोकेशवर महतो ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो ने कहा कि विस्थापित परिवारों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकार दिलाने के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सभी विस्थापित परिवारों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विस्थापितों की लंबित समस्याओं को संबंधित प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विस्थापित गांव में जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक परिवारों को संगठन से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में संजय मंडल, मनोज महाली, लखन महाली, सबिता महतो, वीणा महतो, भरत मंडल, अजय मार्डी, बाबूलाल मार्डी, आशीष हांसदा, शिशिर मंडल, महादेव महतो और राकेश महाली सहित बड़ी संख्या में विस्थापित परिवारों के सदस्य उपस्थित थे।

