Newsझारखण्डसरायकेला

कपाली पुलिस की बड़ी कामयाबी-मुठभेड़ से पहले हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार,लोडेड देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद

 

 

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस को 31 जुलाई की शाम करीब 8बज के आस पास गुप्त सूचना मिली कि पुड़ीसिली के पास दो युवक स्कूटी पर हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी, निवासी निर्मलनगर दोमुहानी विलासबस्ती, थाना सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कपाली ओपी कांड संख्या 105/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सोनारी, घोड़ाबांधा और कपाली थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

इस सफल अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने किया। अभियान में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share this news