Newsझारखण्डसरायकेला

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर सरायकेला में श्रद्धांजलि सभा, भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए हुआ भूमि पूजन

 

 

सरायकेला: पद्म भूषण एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके बाद टाउन हॉल, सरायकेला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।यह कार्यक्रम झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो के नेतृत्व में आयोजित हुआ। श्रद्धांजलि सभा में झामुमो के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड राज्य के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा सामाजिक न्याय और आदिवासी-अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, झामुमो के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणेश चौधरी, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, कृष्णा बास्के, काबुल महतो, शिक्षाविद कालीपद सोरेन, जिला सचिव बुद्धेश्वर टुडू, राम महतो सहित झामुमो के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में स्थापित होने वाली दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, विचारों और झारखंड के विकास के प्रति उनके समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

Share this news