Newsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ शंखनाद 2026′ के साथ श्रीनाथ विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का आगाज़

 

 

जमशेदपुर: श्रीनाथ विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बुधवार को आयोजित भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ के साथ हुई। एक्सएलआरआई, सीएच एरिया में आयोजित कार्यक्रम में नव-नामांकित विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं वैदेही मोटर्स के निदेशक डिल्लो पारिख सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड के डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर) रवि एस. राजहंस, ओरेकल इंडिया के सीनियर एसडीएम अनिमेष आनंद, झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के सदस्य धर्मेंद्र प्रधान, जियाडा के डिप्टी रीजनल डायरेक्टर दिनेश कुमार रंजन, डॉ. सुनील केडिया तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सलाहकार कौशिक मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

मुख्य अतिथि डिल्लो पारिख ने विद्यार्थियों को अनुशासन, बड़े सपने देखने और कक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन से भी सीखने की प्रेरणा दी। वहीं श्री जीवराज सिंह संधू ने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन का सकारात्मक उपयोग करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम और अभिभावकों की तपस्या का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफल होने के लिए युवाओं का मल्टी-टैलेंटेड होना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से भी विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए विश्वविद्यालय का सहयोग करने की अपील की।

 

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘श्रीवाणी’ का विमोचन किया गया। डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश ने विद्यार्थियों को अनुशासन और कड़ी मेहनत की शपथ दिलाई। कुलपति डॉ. एस.एन. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया, जबकि कुलसचिव डॉ. याहिया मजूमदार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और नव-नामांकित विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संस्थापक शंभु महतो, संध्या महतो, बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this news