बर्मामाइंस स्थित हिंद कुष्ठ अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर, 45 लोगों की हुई जांच, दवा व परामर्श दिया गया

जमशेदपुर: सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर बुधवार को बर्मामाइंस स्थित हिंद कुष्ठ अस्पताल में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। बरसात के मौसम को देखते हुए लगाए गए इस शिविर में 38 कुष्ठ रोगियों सहित कुल 45 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।


जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, फार्मासिस्ट सोमेन गिरि एवं एलटी प्रभास सरदार की टीम ने 18 महिलाओं और 27 पुरुषों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सीय परामर्श दिया।
डॉ. राजीव लोचन महतो ने मरीजों को मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, बारिश में भीगने से बचने तथा सेल्फ केयर अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने गर्म वस्तुओं को छूने और अत्यधिक गर्म पानी से स्नान नहीं करने की भी हिदायत दी।
बताया गया कि पिछले सप्ताह जिला कुष्ठ कल्याण समिति के महामंत्री मो. जैनुद्दीन ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से कुष्ठ आश्रमों में पुनः स्वास्थ्य शिविर शुरू कराने का अनुरोध किया था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंद कुष्ठ अस्पताल में शिविर आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के सभी कुष्ठ आश्रमों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पुनः बहाल की जाएंगी।
इस अवसर पर अपाल इंडिया के अध्यक्ष जवाहर राम पासवान ने सिविल सर्जन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के कमजोर वर्गों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के अंत में उपस्थित लोगों ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. राजीव लोचन महतो, प्रभास सरदार, सोमेन गिरि एवं निमाई मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

