Newsझारखण्ड

सड़क हादसे में मृत प्रवासी मजदूर के परिजन को स्थानीय विधायक ने सौंपा दो लाख का चेक

बलरामपुर /पुरुलिया:  पुरूलिया जिला के बलरामपुर थाना अंतर्गत नेकरे गांव निवासी मृतक विभिषण महतो के परिजन को राज्य सरकार की ओर से विधायक जलधर महतो ने 2 लाख रुपए की चेक प्रदान किया । मालूम हो कि 42 वर्षीय मजदूर विभिषण महतो परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर कमाई की उम्मीद में हैदराबाद शहर मजदुरी करने गए थे, जहां 28 जुलाई को हैदराबाद में हुए सड़क हादसे में उनकी जान चली गई।मृतक के परिवार के अनुसार, करीब चार महीने पहले विभीषण महतो भवन निर्माण के काम के लिए हैदराबाद गए थे। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार और उचित मजदूरी नहीं मिलने के कारण अधिक कमाई की उम्मीद में उन्होंने दूसरे राज्य का रुख किया था। लेकिन काम के दौरान सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।

शनिवार को राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जलधर महतो, बलरामपुर के बीडीओ किशोर मंडल तथा ब्लॉक लेबर ऑफिसर चैतन्य यशी ने मृतक के परिवार के सदस्यों को मुआवजे का चेक सौंपा।

इस मौके पर विधायक जलधर महतो ने कहा, “राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को मुआवजे के तौर पर 2 लाख रुपये की सहायता दी गई है।”विधायक ने प्रवासी मजदूरों की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त उद्योग-कारखाने और रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। पूर्व की राज्य सरकारों की भ्रष्ट निति से यहां प्रयाप्त रोजगार हेतु कल कारखाने और उद्योग का स्थापना नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में पहल की जा रही है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मृतक के परिवार के लिए यह आर्थिक सहायता मुश्किल समय में कुछ राहत जरूर लेकर आई है, लेकिन परिवार ने अपने प्रियजन को हमेशा के लिए खो दिया है। इस दौरान विधायक और बलरामपुर प्रशासन की ओर से परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई।

Share this news