Newsझारखण्डसरायकेला

विश्व आदिवासी दिवस पर राजनगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, गणेश महाली ने टॉपर विद्यार्थियों को किया सम्मानित

 

राजनगर: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजनगर बेसिक स्कूल मैदान में आदिवासी संयुक्त मंच की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश महाली शामिल हुए।

इस दौरान गणेश महाली ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आदिवासी समाज के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

गणेश महाली ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, भाषा और पहचान के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में भी लगातार प्रयास करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपरा और संस्कृति से जोड़ते हुए आधुनिक शिक्षा एवं अवसरों के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में गणेश महाली ने सभी आदिवासी भाई-बहनों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Share this news